>राजधानी के डंडहिया मार्केट में एक पुरानी झुकी हुई इमारत ने 600 से अधिक व्यापारियों की दुकानदारी पर ताला लगा दिया है। पिछले 5 दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण इमारत में दरार आ गई, जिसके बाद नगर निगम ने सुरक्षा के लिहाज से मार्केट बंद करा दिया। अब तीन दिन से दुकानें बंद हैं और व्यापारियों में गहरा आक्रोश है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो कुर्सी रोड को जाम कर दिया जाएगा।
>जानकारी के मुताबिक, लखनऊ के अलीगंज स्थित डंडहिया मार्केट में एक पुरानी इमारत बारिश के चलते खतरनाक तरीके से झुक गई। सूचना मिलते ही मेयर सुषमा खर्कवाल नगर निगम के अधिकारियों और नगर आयुक्त गौरव कुमार के साथ मौके पर पहुंचीं और भवन मालिक को तत्काल नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसके बाद, प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से बैरिकेडिंग कर पूरी मार्केट को बंद करवा दिया। मगर तीन दिन बीत जाने के बाद भी इमारत को गिराया नहीं गया, जिससे व्यापारियों की रोज़ी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया।
>व्यापारी हीरालाल वर्मा के मुताबिक़ इमारत तीन भाइयों की है, और उसमें मालिकाना विवाद भी चल रहा है। आधी बिल्डिंग गिर चुकी है और बची हुई इमारत सड़क की ओर झुकी है। व्यापारियों ने हालात को देखते हुए प्रशासन को पहले ही सूचित कर दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। व्यापारियों का कहना है कि त्योहार का समय है, रक्षाबंधन जैसे पर्व पर जब दुकानें बंद रहेंगी तो परिवार चलाना मुश्किल होगा। उन्होंने कहा कि अगर आज कार्रवाई नहीं हुई, तो डंडहिया से कुर्सी रोड तक मुख्य मार्ग को बंद कर दिया जाएगा।
>व्यापारियों ने यह भी आरोप लगाया कि डंडहिया मार्केट पहले ही ट्रैफिक जाम और अव्यवस्था से त्रस्त था, लेकिन अब नगर निगम की धीमी कार्यप्रणाली ने नया संकट खड़ा कर दिया है। ग्राहक दुकान तक पहुंच नहीं पा रहे हैं, जिससे तीन दिनों से बोहनी तक नहीं हुई है।
>
>
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें