डिलीवर का मैसेज तो आया, लेकिन घर नहीं पहुंचा सिलेंडर - नोएडा में LPG संकट पर लोगों का प्रदर्शन

नोएडा में एलपीजी की कमी को लेकर लोगों ने प्रदर्शन किया। बुकिंग के बाद मोबाइल पर डिलीवरी मैसेज आने के बावजूद गैस सिलेंडर न मिलने की शिकायत।

नोएडा में रसोई गैस की आपूर्ति को लेकर लोगों में नाराजगी देखने को मिली। सेक्टर-4 में शुक्रवार को स्थानीय लोगों ने एलपीजी की कमी और समय पर सिलेंडर न मिलने के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि बुकिंग के बाद मोबाइल पर सिलेंडर डिलीवरी का संदेश आ रहा है, जबकि उन्हें गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा।

 

प्रदर्शन में शामिल कई लोगों ने बताया कि उन्होंने लगभग एक सप्ताह पहले सिलेंडर बुक कराया था और उन्हें बुकिंग का रिसीविंग मैसेज भी मिला। इसके बाद उनके मोबाइल पर सिलेंडर डिलीवरी का संदेश भी आ गया, लेकिन वास्तविक रूप से सिलेंडर नहीं पहुंचा।

 

सेक्टर-2 में रहने वाले अरमिंदर ने बताया कि उन्हें 10 मार्च को मोबाइल पर सिलेंडर डिलीवर होने का संदेश मिला था, जबकि उन्हें कोई सिलेंडर नहीं मिला। उनके अनुसार अब सिस्टम में अगली बुकिंग की तारीख 25 दिन बाद दिखाई जा रही है।

 

इसी तरह सेक्टर-12 निवासी अशोक शर्मा ने कहा कि उनका सिलेंडर चार दिन पहले पहुंच जाना चाहिए था, लेकिन अभी तक गैस नहीं मिली है। उनका कहना है कि यदि उन्होंने सिलेंडर प्राप्त नहीं किया तो फिर डिलीवरी का रिकॉर्ड कैसे दिखाया जा रहा है।

 

प्रदर्शन में शामिल लोगों ने गैस एजेंसियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए समस्या के समाधान की मांग की। इनमें बड़ी संख्या में ऐसे लोग शामिल थे जो आसपास की फैक्ट्रियों में काम करते हैं और अलग-अलग जिलों तथा पड़ोसी राज्यों से आकर यहां रहते हैं।

 

इस मामले में गैस एजेंसी के प्रबंधक संजीव शर्मा ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि जिन उपभोक्ताओं ने सिलेंडर बुक किए हैं, उन्हें डिलीवरी दी जाएगी और गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील की।

 

एजेंसी के बाहर सिलेंडर लेने के लिए लोगों की कतारें भी देखी गईं। सेक्टर-4 निवासी रानी कुमारी ने बताया कि वह सुबह ही बुकिंग स्लिप लेकर एजेंसी पहुंच गई थीं, लेकिन दोपहर तक सिलेंडर नहीं मिला। गैस आपूर्ति को लेकर उपभोक्ताओं की शिकायतों के बीच स्थानीय स्तर पर स्थिति की निगरानी और समाधान की मांग उठ रही है।


 

टैग्स :  नोएडा, गैस सिलेंडर, गैस संकट, Noida LPG crisis, UP news

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें


Related News

ग्रेटर नोएडा में पानी का 270 करोड़ बकाया, 31 मार्च तक जमा न किया तो कटेगा कनेक्शन
बंद घरों पर नजर, रात में वारदात… ग्रेटर नोएडा में चोरी करने वाला गिरोह पकड़ा गया
नोएडा एयरपोर्ट पर बनेगा एमआरओ हब, आकासा एयर के साथ बड़ा समझौता
नोएडा में नए साल के जश्न पर ट्रैफिक अलर्ट, सेक्टर-18 समेत कई मार्ग रहेंगे बंद
नॉएडा के कई स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी
ग्रैप नियमों के उल्लंघन पर ग्रेटर नोएडा में सख्त कार्रवाई, बिल्डरों, औद्योगिक इकाइयों और निवासियों पर जुर्माना
ग्रेटर नोएडा में AQI 700 के पार, दिल्ली-एनसीआर में ग्रैप-4 लागू हुआ
नोएडा एक्सप्रेस-वे पर BMW में अचानक लगी आग
ग्रेटर नोएडा निक्की हत्याकांड में पुलिस ने दाखिल की चार्जशीट