राजधानी लखनऊ के बीबीडी थाना क्षेत्र में स्थित रामस्वरूप इंजीनियरिंग कॉलेज के एक छात्र ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।
मृतक की पहचान दीपक कुमार गुप्ता (23) के रूप में हुई है। वह गोंडा जिले के बक्सर आज्ञाराम क्षेत्र का निवासी था। दीपक रामस्वरूप इंजीनियरिंग कॉलेज में बीसीए तृतीय वर्ष का छात्र था और कॉलेज के पास स्थित राजपाल बॉयज हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था।

मृतक दीपक कुमार गुप्ता
जानकारी के अनुसार दीपक की दोपहर में अपने परिजनों से बातचीत हुई थी। इसके बाद जब परिवार के लोग उससे संपर्क करने का प्रयास कर रहे थे तो उसका फोन नहीं उठा। लगातार संपर्क न होने पर परिजनों ने हॉस्टल वार्डन को फोन कर छात्र के बारे में जानकारी लेने और उसकी तलाश करने को कहा।
परिजनों की सूचना के बाद जब छात्र की तलाश की गई तो वह अपने कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। कंट्रोल रूम के माध्यम से शाम करीब 6:50 बजे बीबीडी थाना पुलिस को सूचना प्राप्त हुई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक स्तर पर आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जानकारी जुटाई जा रही है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें