>शिक्षक दिवस 2025 पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने देश भर के चुनिंदा शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के तीन शिक्षकों ने पूरे राज्य का गौरव बढ़ाया। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की अंग्रेजी विभाग की प्रोफेसर विभा शर्मा, भदोही के उच्च प्राथमिक विद्यालय बड़वापुर के शिक्षक राम लाल सिंह यादव और मीरजापुर के पीएम श्री कम्पोजिट विद्यालय रानी कर्णावती की प्रधानाध्यापिका मधुरिमा तिवारी को राष्ट्रपति ने सम्मानित किया।
>मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तीनों शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान उत्तर प्रदेश की शिक्षा प्रणाली और शिक्षकों की मेहनत को राष्ट्रीय पहचान दिलाता है।
>प्रो. विभा शर्मा ने अंग्रेजी साहित्य की शिक्षा में थिएटर वर्कशॉप और इनॉवेटिव पेडागॉजी जैसे प्रयोगों से विद्यार्थियों को रचनात्मक अभिव्यक्ति का मंच दिया। उनकी पहल ने विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास को नई दिशा दी है।
>राम लाल सिंह यादव ने एक साधारण विद्यालय को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में बदलकर ICT आधारित स्मार्ट क्लास की शुरुआत की। उनके प्रयासों से विद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का मॉडल बन चुका है।
>वहीं, मधुरिमा तिवारी ने अपने अथक परिश्रम से विद्यालय को एक हरित, आधुनिक और जीवंत शिक्षण संस्थान में रूपांतरित किया। उनके नेतृत्व में विद्यालय को ‘हरित विद्यालय’ का सम्मान भी प्राप्त हुआ।
>सीएम योगी ने कहा कि जनपद भदोही स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय, बड़वापुर के शिक्षक राम लाल सिंह यादव को 'राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2025' से सम्मानित होने पर हार्दिक बधाई. आपकी दूरदर्शी सोच और सतत प्रयासों का परिणाम है कि एक साधारण विद्यालय आज सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में प्रतिष्ठित होकर विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहा है. विद्यालय में ICT आधारित स्मार्ट क्लास की शुरुआत कर आपने शिक्षा के क्षेत्र में अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है. आपको उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं.
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें