Rinku Singh Wedding: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह और मछलीशहर से समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज चार दिसंबर को राजधानी लखनऊ में सात फेरों के बंधन में बंध जाएंगे। दोनों के विवाह की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। विवाह समारोह को भव्य और खास बनाने के लिए दोनों परिवारों की ओर से तैयारियां की जा रही है। चार दिसंबर को रिंकू सिंह की बरात अलीगढ़ से राजधानी लखनऊ पहुंचेगी।
बरात में परिवार के सदस्यों और करीबी रिश्तेदारों सहित लगभग 50 से 60 लोग शामिल होंगे। परिवार के मुताबिक बरात में शामिल होने वाले अतिथियों की सूची भी तैयार कर ली गयी है। रिंकू सिंह की मां बेटे की शादी की खरीदारी में जुटी हुई हैं। परिजनों के मुताबिक परिवार की होने वाली बहू प्रिया सरोज के लिए रिंकू सिंह की मां ने पीले रंग की खूबसूरत साड़ी खरीदी है।
रिंकू की बड़ी भाभी और बहन नेहा भी खरीदारी के दौरान मौजूद रहीं। परिवार के सभी सदस्यों और बच्चों के लिए भी नए कपड़े बनवाएं जा रहे हैं। शादी की तैयारियों के बीच क्रिकेटर रिंकू सिंह सोमवार को कतर रवाना हो गए। रिंकू सिंह को भारत-ए-क्रिकेट टीम का उपकप्तान बनाया गया है। दीपावली मनाने के लिए रिंकू सिंह अपने घर अलीगढ़ आए थे। जहां उनका सम्मान और अभिनंदन किया गया था।

उल्लेखनीय है कि क्रिकेटर रिंकू सिंह और सांसद प्रिया सरोज की लव स्टोरी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। बीते साल जून माह में राजधानी लखनऊ के सेंट्रम होटल में दोनों की सगाई हुई थी। शुरुआत में यह जानकारी सामने आ रही थी कि रिंकू और प्रिया की शादी दिसंबर 2025 में होगी। इसके साथ फरवरी 2026 में शादी की चर्चा सामने आई। लेकिन रिंकू सिंह के क्रिकेट कार्यक्रम की व्यस्तता और फिर पिता खानचंद के 27 फरवरी 2026 को निधन हो जाने के बाद शादी की तिथि आगे बढ़ती रही।
अब दोनों परिवारों ने मिलने चार दिसंबर की तारीख तय की है। राजधानी लखनऊ में विवाह संपन्न होने के बाद अलीगढ़ में भव्य रिसेप्शन आयोजित होगा। बताया जा रहा है कि दोनों के विवाह समारोह में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान, भारतीय क्रिकेट टीम के कोच गौतम गंभीर, विराट कोहली, रोहित शर्मा और बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला सहित कई चर्चित हस्तियां शामिल होगीं।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें