Monday, 23 November 2026 | Lucknow | 29°C

UP News: 26 नवंबर को प्रदेश के सभी स्कूलों में होंगे विशेष आयोजन, प्रस्तावना का सामूहिक वाचन

UP News: यूपी में 26 नवंबर को संविधान दिवस पर सभी परिषदीय और माध्यमिक विद्यालयों में प्रस्तावना का सामूहिक वाचन, पोस्टर, चित्रकला और अन्य गतिविधियां आयोजित होंगी।
Bureau
Bureau News Desk
23 Nov 2026
04:21 PM
1 min read
UP News: 26 नवंबर को प्रदेश के सभी स्कूलों में होंगे विशेष आयोजन, प्रस्तावना का सामूहिक वाचन
सोर्स-फाइल फोटो
हाइलाइट्स
CM योगी की पहल से विद्यार्थियों को संवैधानिक मूल्यों से जोड़ने की तैयारी
पोस्टर, चित्रकला, बुकमार्क और कोलाज प्रतियोगिताओं के जरिए समझेंगे संविधान का महत्व
विद्यार्थी और शिक्षक करेंगे संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन
डिजिटल माध्यम से भी दर्ज होगी सहभागिता

UP News: प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को भारतीय संविधान, लोकतांत्रिक परंपराओं और नागरिक जिम्मेदारियों से जोड़ने के लिए विशेष पहल करने जा रही है। इसके तहत 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी परिषदीय और माध्यमिक विद्यालयों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों का उद्देश्य बच्चों को संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता जैसे मूल आदर्शों से परिचित कराना है, ताकि वे इन्हें केवल किताबों तक सीमित न रखें, बल्कि अपने जीवन और व्यवहार में भी अपनाएं। सरकार की इस पहल के तहत विद्यालयों की प्रार्थना सभा में शिक्षक और विद्यार्थी मिलकर संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करेंगे। इसके साथ ही संविधान निर्माण की ऐतिहासिक प्रक्रिया, संविधान सभा की भूमिका और उसके सदस्यों के योगदान की जानकारी भी दी जाएगी।

संविधान दिवस पर सभी विद्यालयों में सुबह की प्रार्थना सभा को विशेष रूप दिया जाएगा। इस दौरान विद्यार्थी और शिक्षक एक साथ संविधान की प्रस्तावना पढ़ेंगे। इसके माध्यम से बच्चों को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के महत्व को समझाया जाएगा। विद्यालयों में संविधान निर्माण की प्रक्रिया और संविधान सभा के सदस्यों के योगदान पर परिचर्चाएं आयोजित की जाएंगी। विद्यार्थियों को बताया जाएगा कि भारतीय संविधान किस प्रकार सामूहिक विचार-विमर्श और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से तैयार किया गया। इससे नई पीढ़ी को संविधान के ऐतिहासिक महत्व और उसके निर्माण के पीछे के विचारों को समझने का अवसर मिलेगा।

संविधान दिवस को रोचक और सहभागितापूर्ण बनाने के लिए विद्यालयों में विभिन्न रचनात्मक गतिविधियां कराई जाएंगी। इनमें पोस्टर निर्माण, चित्रकला, बुकमार्क, बैज और कोलाज बनाने जैसी प्रतियोगिताएं शामिल होंगी। विद्यार्थी अपनी कलात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से संविधान के मूल सिद्धांतों, नागरिक अधिकारों, कर्तव्यों और राष्ट्रीय एकता के विचारों को प्रस्तुत करेंगे।

प्रदेश सरकार की इस पहल में विद्यार्थियों को उनके मौलिक अधिकारों के साथ नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया है। बच्चों को सामाजिक समरसता, विविधता में एकता, लोकतांत्रिक व्यवस्था और देश की एकता एवं अखंडता का महत्व समझाया जाएगा। कार्यक्रमों और विद्यार्थियों की सहभागिता का विवरण डिजिटल माध्यम से भी दर्ज किया जाएगा।

महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी के अनुसार संविधान दिवस बच्चों में संवैधानिक मूल्यों के प्रति सम्मान और जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। सामूहिक वाचन और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान के आदर्शों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

Explore Related Topics

Constitution Day 2026 Constitution Day India Uttar Pradesh News

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें

इस खबर को खबर पढ़ने के लिए आपका धन्यवाद

ऐसी ही खबरों के लिए निचे स्क्रॉल करें

या होम पेज पर लेटेस्ट न्यूज़ पढ़ने के लिए क्लिक करें →

Related News