Kartik Purnima 2026: हिंदू धर्म में कार्तिक पूर्णिमा का विशेष महत्व है। इस दिन स्नान, पूजा-पाठ, दीपदान और दान-पुण्य करने की परंपरा सदियों से चली आ रही है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा पर पवित्र नदी में स्नान करने और जरूरतमंदों को दान देने से पुण्य की प्राप्ति होती है। मान्यता है कि इस दिन श्रद्धा और सच्चे मन से किया गया दान कभी व्यर्थ नहीं जाता। भगवान विष्णु और भगवान शिव की पूजा के साथ माता लक्ष्मी की कृपा प्राप्त करने के लिए भी यह दिन विशेष माना जाता है।
द्रिक पंचांग के अनुसार 2026 में कार्तिक पूर्णिमा तिथि की शुरुआत 23 नवंबर की रात 11 बजकर 42 मिनट पर होगी। वहीं पूर्णिमा तिथि का समापन 24 नवंबर की रात 8.23 बजे पर होगा। उदया तिथि के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा का स्नान और दान 24 नवंबर 2026 को किया जाएगा। इस दिन सुबह पवित्र नदियों में स्नान, भगवान विष्णु और शिव की पूजा तथा जरूरतमंदों को दान करने का विशेष महत्व है। शाम के समय दीपदान करने की भी परंपरा है। कार्तिक पूर्णिमा पर दान करते समय दिखावे से बचना चाहिए। सामर्थ्य के अनुसार ही दान करें और किसी जरूरतमंद की मदद करते समय उसका सम्मान बनाए रखें। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, दान का वास्तविक महत्व उसकी कीमत में नहीं, बल्कि दान करने वाले की भावना और निस्वार्थ सेवा में होता है।
कार्तिक पूर्णिमा पर इन 5 चीजों का करें दान
धन का दान
जरूरतमंद बच्चों की पढ़ाई, दवाइयों या परिवार की आवश्यकताओं के लिए सहायता देना भी अच्छा विकल्प है। इस दिन अपनी आर्थिक क्षमता के अनुसार गरीब और असहाय लोगों की आर्थिक मदद करना शुभ माना जाता है।
अन्न का दान
कार्तिक पूर्णिमा पर अन्नदान को सबसे पुण्यदायी कार्यों में से एक माना जाता है। धार्मिक मान्यता है कि भूखे व्यक्ति को भोजन कराने से विशेष पुण्य मिलता है। इस दिन गरीबों और जरूरतमंदों को चावल, गेहूं, आटा, दाल या भोजन दान कर सकते हैं।
घी और दीपक का दान
कार्तिक पूर्णिमा पर दीपदान की विशेष परंपरा है। इस दिन मंदिरों और पवित्र नदियों के किनारे दीप जलाए जाते हैं। इसके अलावा मंदिर में घी और दीपक का दान भी कर सकते हैं। धार्मिक मान्यता है कि इससे घर में सकारात्मकता और सुख-समृद्धि आती है।
गर्म कपड़ों और कंबल का दान
सर्दियों की शुरुआत को देखते हुए इस दिन जरूरतमंदों को गर्म कपड़े, कंबल और चादर दान करना शुभ माना जाता है। इससे जरूरतमंद लोगों को ठंड से राहत मिलती है और धार्मिक मान्यताओं के अनुसार पुण्य की प्राप्ति होती है।
तिल का दान
कार्तिक पूर्णिमा पर काले या सफेद तिल का दान करना शुभ माना जाता है। हिंदू धर्म में तिल का विशेष महत्व है। मान्यता है कि इससे नकारात्मकता दूर होती है और जीवन में सुख-शांति बनी रहती है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें