लुढ़क रहा शेयर बाजार: टॉप कम्पनीज के वैल्यूएशन झेल रही गिरावट की मार

रिलायंस को सबसे बड़ा झटका, HDFC बैंक और SBI समेत 7 दिग्गज कंपनियों की मार्केट वैल्यू में आयी भारी गिरावट
Bureau 29 Mar 2026, 09:17 PM 1 min read
लुढ़क रहा शेयर बाजार: टॉप कम्पनीज के वैल्यूएशन झेल रही गिरावट की मार

शेयर बाजार में पिछले सप्ताह आई गिरावट का असर देश की दिग्गज कंपनियों पर साफ नजर आया। देश की सबसे वैल्यूबल 10 कंपनियों में से 7 कंपनियों की कुल मार्केट वैल्यू में करीब 1.75 लाख करोड़ रुपये की कमी दर्ज की गई, जिससे निवेशकों को बड़ा झटका लगा।

 

बीते सप्ताह बीएसई सेंसेक्स 949.74 पॉइंट्स यानी 1.27 प्रतिशत गिरकर बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी में भी 294.9 अंकों की गिरावट दर्ज की गई। बाजार में आई इस कमजोरी के पीछे रुपये की गिरावट, वैश्विक अस्थिरता और निवेशकों की सतर्कता को प्रमुख कारण माना जा रहा है।

 

कंपनियों के परफॉरमेंस की बात करें तो सबसे अधिक नुकसान रिलायंस इंडस्ट्रीज को हुआ, जिसकी मार्केट वैल्यू करीब 89,720 करोड़ रुपये घटकर 18.24 लाख करोड़ रुपये रह गई। इसके अलावा एचडीएफसी बैंक का वैल्यूएशन 37,248 करोड़ रुपये घटा, जबकि भारतीय स्टेट बैंक को 35,399 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।

 

आईसीआईसीआई बैंक, भारती एयरटेल और हिंदुस्तान यूनिलीवर के मार्केट कैप में भी गिरावट दर्ज की गई। टीसीएस को कम्पेरीटिवली कम नुकसान हुआ, लेकिन उसके वैल्यूएशन में भी कमी आई।

 

शेयर मार्किट विश्लेषकों के अनुसार वैश्विक स्तर पर बढ़ते तनाव, खासकर अमेरिका-ईरान से जुड़े हालात और तेल कीमतों में उतार-चढ़ाव ने बाजार पर दबाव बनाया। बीच में थोड़ी रिकवरी देखने को मिली, लेकिन सप्ताह के अंत में फिर सेल आउट बढ़ने से बाजार नीचे आ गया।

 

टॉप वैल्यूएशन वाली कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर बनी रही, इसके बाद एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, एसबीआई और आईसीआईसीआई बैंक का स्थान रहा।

← Previous Story Next Story →

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें