Ambedkar Nagar News: कटेहरी क्षेत्र के कटेहरी बाजार समेत दर्जनों गांवों में बंदरों के बढ़ते आतंक से ग्रामीण परेशान हैं। बंदरों के झुंड घरों से लेकर बाजारों तक उत्पात मचा रहे हैं। लोगों के कपड़े फाड़ने, पानी की टोटियां और टंकियां तोड़ने के साथ दुकानदारों के फल एवं सब्जियों को नुकसान पहुंचाने की घटनाओं से लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं, स्कूल आने-जाने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। कटेहरी क्षेत्र के कई गांवों में बंदरों के आतंक से परेशान ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों और वन विभाग से समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो किसी दिन बड़ी घटना हो सकती है।
कटेहरी बाजार, गौरा, बसंतपुर, प्रतापपुर, अंकारीपुर, चमुर्खा, कटेहरी गांव, अवधी का पूरा, निनामपुर और गोपालपुर समेत अन्य गांवों में बंदरों का आतंक बना हुआ है। बंदरों के झुंड घरों की छतों पर सूखने के लिए डाले गए कपड़ों को फाड़कर बर्बाद कर देते हैं। पानी की टोटियां और टंकियां तोड़ने से भी लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। बाजारों में दुकानदारों के फल और सब्जियां बंदरों के निशाने पर हैं, जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है। क्षेत्र में बंदरों के काटने की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है। करीब एक सप्ताह पहले अंकारीपुर गांव की शीला दुबे को बंदर ने काट लिया था।
कटेहरी बाजार में आदित्य मोदनवाल और बब्लू यादव को भी बंदर के काटने की बात सामने आई है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। बंदरों के झुंड की मौजूदगी से स्कूल आने-जाने वाले बच्चों में डर बना हुआ है। अभिभावकों को आशंका है कि रास्ते में बंदरों के हमले से कोई अप्रिय घटना हो सकती है। वहीं घरों में रहने वाले बुजुर्गों और बाजार जाने वाले लोगों को भी सतर्क रहना पड़ रहा है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें