>उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और निषाद पार्टी के मुखिया डॉ. संजय निषाद एक बार फिर चर्चा में हैं। वाराणसी दौरे पर पहुंचे मंत्री ने जहां 2027 विधानसभा चुनाव और बिहार की सियासी संभावनाओं पर खुलकर बात की, वहीं समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव पर की गई टिप्पणी को लेकर बीजेपी नेता को भी सधी हुई नसीहत दी।
>डॉ. निषाद ने कहा, "भारतीय संस्कृति में अमर्यादित भाषा या व्यवहार की कोई जगह नहीं है। हम सब मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम को मानने वाले हैं और सभी को सार्वजनिक जीवन में मर्यादा का पालन करना चाहिए।"
>कांवड़ यात्रा को लेकर विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच हो रही जुबानी जंग पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय निषाद ने कहा, "दो-चार सिरफिरे लोगों के कारण किसी की आस्था को चोट नहीं पहुंचाई जा सकती। हमारी सरकार हर धर्म, जाति और वर्ग को सम्मान व सुरक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध है।" उन्होंने धर्मांतरण के मुद्दे पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि "कुछ वर्गों में सुनियोजित तरीके से धार्मिक रूपांतरण हो रहा है, जो चिंता का विषय है।"
>बिहार विधानसभा चुनाव में निषाद पार्टी की भागीदारी को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा, "हम निषाद समाज के हक़ की आवाज़ हैं और जहां भी निषादों के अधिकार की बात होगी, वहां हम रहेंगे। जहां हम जाते हैं, वहां बीजेपी की जीत सुनिश्चित हो जाती है।"
>उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर उन्होंने साफ किया कि निषाद पार्टी बीजेपी के साथ ही चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर वर्ग के कल्याण के लिए काम कर रहे हैं। ‘मोदी है तो मुमकिन है’ केवल नारा नहीं, यह देश की विकास नीति का आधार बन चुका है।"
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें