Kannauj Road Accident: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जनपद में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा हुआ। यहां ठठिया थाना क्षेत्र के एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 209.9 पर बच्चों से भरी स्कूली बस को तेज रफ्तार आलू लदे ट्रक ने पीछे से आ रहे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बस में सवार चार बच्चों की मौत हो गयी है। वहीं लगभग 35 छात्र गंभीर रूप से घायल हो गये। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। जानकारी होने पर पुलिस बल भी मौके पर पहुंची और आनन-फानन में घायल बच्चों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार कौशांबी जनपद के ओरिएंट पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राएं पिकनिक के लिए मथुरा एवं वृंदावन गए थे। मंगलवार को बच्चे बस में सवार होकर कौशांबी वापस लौट रहे थे। बस में लगभग 50 विद्यार्थी के साथ छह शिक्षक भी सवार थे। बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह ठठिया थाना क्षेत्र में किलोमीटर संख्या 209.9 के पास बच्चों के टॉयलेट जाने के लिए बस को सड़क किनारे रोका गया था।
इसी दौरान आगरा की तरफ से आ रहा आलू से भरा तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़ी स्कूली बस में पीछे से टकरा गया। हादसा इतना जोरदार था कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद बस में कई बच्चे अंदर फंस गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन, यूपीडा की टीम और कई एंबुलेंस पर पहुंच गईं। कड़ी मशक्कत के बाद बस में फंसे हुए घायलों निकाला गया और एंबुलेंस के जरिए राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा में भर्ती कराया गया। हादसे में चार छात्रों की मौत हो गयी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार भी मेडिकल कॉलेज पहुंच गये। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंच घायल बच्चों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि हादसे की जांच पड़ताल की जा रही है। वहीं चार बच्चों की मौत होने की खबर से उनके परिवारों में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें