उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने शुक्रवार को जल निगम अतिथि गृह में जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में शहर की गैस आपूर्ति व्यवस्था, कालाबाजारी पर नियंत्रण और लंबित विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान मंत्री नरेंद्र कश्यप ने जिलाधिकारी रविंद्र कुमार और गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष को निर्देश दिए कि गैस वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या कालाबाजारी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि किसी एजेंसी के खिलाफ शिकायत मिलती है तो पुलिस और प्रशासन तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
मंत्री ने कहा कि गैस आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों पर अधिकारियों को सतर्कता के साथ निगरानी रखनी चाहिए और वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाया जाना चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में जिले में चल रही विकास परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने ‘हरनांदीपुरम’ सहित अन्य प्रमुख परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
मंत्री कश्यप ने अधिकारियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप जनसुनवाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें