>नववर्ष 2026 के अवसर पर निषाद पार्टी ने आगामी वर्ष के लिए अपने संगठनात्मक और सामाजिक कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद द्वारा आयोजित प्रेसवार्ता में प्रस्तावित गतिविधियों की जानकारी दी गई।
>प्रेसवार्ता में बताया गया कि निषाद पार्टी आगामी 13 जनवरी 2026 को राजधानी लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय के भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार, आशियाना में अपना 13वां संकल्प दिवस मनाएगी। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समाज के गणमान्य लोग भाग लेंगे।
>जानकारी के अनुसार 13 जनवरी 2026 से लेकर निषाद समाज के सिरमौर महाराजा गुह्यराज निषाद जी की जयंती तक प्रदेशव्यापी दौरा और पदयात्रा की जाएगी। इस दौरान मछुआ बाहुल्य जनपदों, विधानसभाओं और ग्राम सभाओं में समाज से सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा। सरकार में सहभागिता के बाद बीते चार वर्षों में समाज के हित में संचालित योजनाओं और कार्यों को जनता के समक्ष रखा जाएगा।
>प्रेसवार्ता में यह भी अवगत कराया गया कि वीरांगना फूलन देवी की जयंती पर आवश्यक अनुमति प्राप्त करने के बाद उनके सम्मान में एक अस्थायी प्रतिमा स्थापित किए जाने की योजना है।
>इसके साथ ही संकल्प दिवस के अवसर पर पार्टी की कोर कमेटी द्वारा एक प्रस्ताव पारित किया जाएगा, जिसके तहत आरक्षण, शिक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण जैसे विषयों पर सर्वदलीय सामाजिक गोष्ठी आयोजित की जाएगी। इस गोष्ठी में निषाद, बिंद, कश्यप और मछुआ समाज से जुड़े विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं को आमंत्रित किया जाएगा।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें