Ambedkar Nagar News: जिले के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत विद्युत कार्यालय के सामने स्थित लकी मटन-चिकन की दुकान पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक दुकान के अंदर घुसकर चापड़ लेकर पहुंच गया। दुकानदार शेर अली के विरोध करने पर युवक द्वारा ईंट से हमला करने का आरोप है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और लोगों ने युवक को पकड़कर पेड़ से बांध दिया।
मिली जानकारी के अनुसार युवक दुकान के अंदर घुसा और चापड़ उठा लिया। दुकानदार शेर अली ने उसे धक्का देकर बाहर किया तो युवक ने कथित तौर पर ईंट उठाकर हमला करने का प्रयास किया। इसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करते हुए युवक को पकड़ लिया।
इसी दौरान वहां से गुजर रहीं पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह की नजर भीड़ पर पड़ी। उन्होंने तत्काल अपने स्कॉर्ट को कोतवाली में सूचना देने के निर्देश दिए। सूचना मिलते ही अकबरपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
पूछताछ के दौरान युवक ने अपना नाम आसिफ बताया। घटना के संबंध में अकबरपुर कोतवाल भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि युवक टांडा के सकरवाल का निवासी है। युवक मानसिक रूप से बीमार बताया जा रहा है। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें