CM Yogi Adityanath Ayodhya Visit: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 10वें दीपोत्सव के भव्य आयोजन के बाद रविवार सुबह अयोध्या में आध्यात्मिक रंग में नजर आए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार सुबह सबसे पहले हनुमानगढ़ी मंदिर पहुंचे और भगवान बजरंगबली के चरणों में शीश नवाया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने भगवान हनुमान से प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और कल्याण की कामना की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हनुमानगढ़ी मंदिर पहुंचते ही पूरा परिसर जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा। संतों और पुजारियों ने पारंपरिक तरीके से सीएम योगी का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने संकटमोचन हनुमान के दर्शन कर राज्य की खुशहाली और जनकल्याण के लिए प्रार्थना की। दीपोत्सव के भव्य और सफल आयोजन के बाद सीएम योगी ने श्रद्धा और आस्था का विशेष संदेश दिया।
हनुमानगढ़ी में दर्शन करने के बाद मुख्यमंत्री श्रीराम जन्मभूमि पहुंचे। जहां उन्होंने रामलला के दर्शन कर श्रद्धापूर्वक आरती की। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर की परिक्रमा कर राम दरबार में भी पूजा-अर्चना की। सीएम योगी ने इस मौके पर राज्य की प्रगति और नागरिकों के सुखमय जीवन के लिए प्रभु श्रीराम से आशीर्वाद मांगा।
रामलला के दर्शन करने के बाद सीएम योगी मंदिर से बाहर निकले तब श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के उद्घोष के साथ उनका अभिवादन किया। मुख्यमंत्री ने भी हाथ हिलाकर सभी श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को प्रकाश के पर्व दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी के जीवन में सुख, शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि बने रहने की कामना की।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें