Rahul Gandhi: विपक्षी नेता राहुल गांधी ने पीएम नरेंद्र मोदी पर अपना फोन टैप कराने का आरोप लगाया है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो पोस्ट कर ये दावा किया। राहुल गांधी ने कहा कि उनके फोन में इससे जुड़े सबूत मौजूद हैं और प्रधानमंत्री को भी इस बारे में जानकारी है। इसके साथ ही राहुल गांधी ने एक बार फिर पीएम मोदी को आमने-सामने बैठकर बहस करने की चुनौती दी है।
भारतीय युवा कांग्रेस की ओर से एक्स पर शेयर किए गए वीडियो में राहुल गांधी फोन टैपिंग को लेकर बात करते दिखाई दे रहे है। उन्होंने कहा कि इसका सबूत उनके फोन में मौजूद है। राहुल गांधी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री उनका फोन टैप करवाते हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी कहा कि जब प्रधानमंत्री उनके साथ आमने-सामने बैठकर बहस करेंगे, तब कई सवालों के जवाब सामने आएंगे।
राहुल गांधी ने पीएम मोदी को दी बहस की चुनौती
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी को खुली बहस की चुनौती देते हुए कहा कि देश के सामने कई ऐसे मुद्दे हैं, जिन पर बातचीत होनी चाहिए। भारतीय युवा कांग्रेस ने भी इस मामले को लेकर प्रधानमंत्री को घेरा है। संगठन ने कहा कि प्रधानमंत्री को बिना किसी स्क्रिप्ट और टेलीप्रॉम्प्टर के राहुल गांधी के सवालों का जवाब देना चाहिए। वहीं, दूसरी तरफ राहुल गांधी के फोन टैपिंग के आरोपों पर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा का कहना है कि राहुल गांधी सुर्खियों में बने रहने के लिए इस तरह के बयान देते रहते हैं।
राहुल गांधी इससे पहले भी फोन की जासूसी का मुद्दा उठा चुके हैं। जुलाई 2021 में पेगासस जासूसी मामले को लेकर काफी विवाद हुआ था। एक अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया था कि इजरायली कंपनी एनएसओ ग्रुप के पेगासस सॉफ्टवेयर के जरिए कई देशों में पत्रकारों, नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं के फोन निशाने पर थे। इस मामले में राहुल गांधी और उनसे जुड़े कुछ लोगों के फोन नंबर भी संभावित निगरानी वाली सूची में शामिल बताए गए थे। हालांकि, सूची में नाम होने से फोन की सफल जासूसी की पुष्टि नहीं हुई थी।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें