>उत्तर प्रदेश की राजनीति इन दिनों एक नए विवाद से गरमा गई है। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की गाड़ियों पर 8 लाख रुपये का चालान कटने के बाद इस मामले ने सियासी रंग ले लिया है। बीते दिन लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने इस बात का खुलासा किया कि उनकी गाड़ियों की ओवरस्पीडिंग के चलते एक्सप्रेसवे पर चालान काटा गया है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि "कैमरा और सिस्टम चलाने वाले निश्चित रूप से बीजेपी के लोग होंगे, जो जानबूझकर चालान करा रहे हैं।"
>अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि उन्हें जैसे ही चालान की जानकारी मिली, उन्होंने बिना कागज देखे उसे स्वीकार कर लिया, क्योंकि यह सरकारी प्रक्रिया है। उनका तंज था कि पार्टी कार्यालय ही इन गाड़ियों का चालान भरेगा।
>इसी बीच अयोध्या से सपा सांसद अवधेश प्रसाद भी अखिलेश यादव के समर्थन में सामने आए और उन्होंने कहा कि यह समझ से परे है कि आखिर 8 लाख रुपये का चालान कैसे कट गया। सांसद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपील करते हुए कहा कि उन्हें इस मामले पर ध्यान देना चाहिए, क्योंकि सरकारी अधिकारियों का ऐसा रवैया प्रशासन की छवि को नुकसान पहुँचा सकता है। उन्होंने चेताया कि यदि अधिकारियों का आचरण नियंत्रित नहीं किया गया तो यह स्वयं मुख्यमंत्री की छवि पर भी प्रतिकूल असर डाल सकता है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें