Sunday, 30 August 2026 | Lucknow | 29°C

जेपीएनआईसी के नाम पर सरकारी खजाने पर डकैती डाल रहे थे अखिलेश-डिंपल : योगी

Bureau
Bureau News Desk
29 Aug 2026
10:32 PM
1 min read
जेपीएनआईसी के नाम पर सरकारी खजाने पर डकैती डाल रहे थे अखिलेश-डिंपल : योगी

लखनऊ, 29 अगस्त। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को सलेमपुर और भाटपाररानी विधानसभा क्षेत्रों में 305 करोड़ रुपये की 80 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। बाबा दुग्धेश्वर नाथ की धरती पर आयोजित जनसभा में उन्होंने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। जेपीएनआईसी को लेकर मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि 200 करोड़ रुपये की प्रारंभिक लागत वाली परियोजना पर सपा सरकार ने 864 करोड़ रुपये खर्च कर दिए, फिर भी यह अधूरी रही। इसके बाद सरकारी खजाने से 900-1000 करोड़ रुपये और खर्च कर इसे निजी कंपनी को सौंपने की तैयारी थी।

योगी ने कहा कि जेपीएनआईसी में होटल, क्लब और जिम जैसी सुविधाएं विकसित कर उससे होने वाली कमाई निजी कंपनी के माध्यम से परिवार तक पहुंचाने की तैयारी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव, डिंपल यादव, धर्मेंद्र यादव और उनके सहयोगी निजी कंपनी बनाकर सरकारी खजाने पर डकैती डालने की तैयारी में थे। कहा कि जनता के जिस पैसे से युवाओं को रोजगार, फ्लाईओवर, विश्वविद्यालय और इनोवेशन सेंटर बनाए जा सकते थे, उसे निजी हितों में खर्च किया गया।

सपा लूटखसोट का पर्याय, डकैतों का गिरोह

मुख्यमंत्री ने सपा को लूटखसोट का पर्याय बताते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में ‘देख सपाई-बिटिया घबराई’ का नारा चलता था। बेटियों की सुरक्षा को लेकर परिवार चिंतित रहते थे। अब प्रदेश में कानून-व्यवस्था का माहौल बदला है और माफिया पर प्रभावी कार्रवाई हुई है।

योगी ने कहा कि सपा वास्तव में एक परिवार की प्राइवेट लिमिटेड कंपनी है। एक ही परिवार के लोग पार्टी में पद और सत्ता का हिस्सा बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह जनता दल खत्म हुआ, वही हाल सपा का भी होगा।

पत्रकार के गले पर तलवार रखने का लगाया आरोप

अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारों के सवालों पर वह गाली-गलौज और हाथापाई पर उतर आते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने सुना है कि अखिलेश यादव ने एक बार पत्रकार के गले पर तलवार रख दी थी।’’ योगी ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और सरकार तथा प्रशासन की गलतियों को सामने लाने का काम करता है।

दो दिन में लाखों महिलाओं ने उठाया निशुल्क बस यात्रा का लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि 27 से 29 अगस्त तक परिवहन निगम की बसों में महिलाओं को सहयात्री के साथ निशुल्क यात्रा की सुविधा दी गई। पिछले दो दिनों में लाखों महिलाओं ने इसका लाभ उठाया। 30 अगस्त से 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को भी निगम की बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार जनता के टैक्स का पैसा जनता को सुविधाओं के रूप में वापस कर रही है। 16 करोड़ गरीबों को निशुल्क राशन दिया जा रहा है।

यूपीटीईटी अभ्यर्थियों को जल्द मिलेगा नौकरी का अवसर

योगी ने युवाओं को रोजगार का भरोसा दिलाते हुए कहा कि प्रदेश में नौकरियों की कमी नहीं है। जल्द एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी। 45 हजार होमगार्ड और 36 हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती होगी, जिसमें चार हजार उपनिरीक्षक भी शामिल हैं। लोक सेवा आयोग के माध्यम से विभिन्न विभागों में 30 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि यूपीटीईटी में 13 लाख अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए हैं। भर्ती का अधियाचन भेजा जा चुका है और जल्द विज्ञापन जारी होगा। सरकार दो करोड़ युवाओं को टैबलेट देने की योजना पर भी काम कर रही है।

40 साल में 50 हजार मासूमों की मौत का दावा

मुख्यमंत्री ने इंसेफेलाइटिस को लेकर सपा और कांग्रेस सरकारों पर हमला बोला। कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 40 वर्षों तक बीमारी का कहर रहा और करीब 50 हजार मासूमों की जान गई। आरोप लगाया कि तत्कालीन सरकारों ने इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने इंसेफेलाइटिस पर प्रभावी नियंत्रण किया है और अब किसी माता-पिता को अपने बच्चे की जान को लेकर भयभीत होने की जरूरत नहीं है।

देवरिया में विकास के नए प्रतिमान : योगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार में देवरिया को मेडिकल कॉलेज मिला है। दुग्धेश्वर नाथ मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए धनराशि उपलब्ध कराई गई है। विधायक सभाकुंवर कुशवाहा के प्रस्ताव पर फ्लाईओवर को भी मंजूरी दी गई है। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व विधायक राघव बाबा का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने राम मंदिर और तुष्टिकरण की राजनीति के खिलाफ आवाज उठाई थी।

कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही, ग्राम्य विकास राज्यमंत्री विजयलक्ष्मी गौतम, विधायक सभाकुंवर कुशवाहा, डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी, सुरेंद्र चौरसिया, दीपक कुमार मिश्र ‘शाका’, जिला पंचायत प्रशासक गिरीश चंद्र तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद और पूर्व सांसद रविंद्र कुशवाहा समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Explore Related Topics

Yogi Adityanath Akhilesh Yadav Dimple Yadav Devoria

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें

इस खबर को खबर पढ़ने के लिए आपका धन्यवाद

ऐसी ही खबरों के लिए निचे स्क्रॉल करें

या होम पेज पर लेटेस्ट न्यूज़ पढ़ने के लिए क्लिक करें →

Related News